परिचय

प्रभा स्मृति बाल साहित्य सम्मान

* यह सम्मान श्री गाँधी पुस्तकालय, मंडी, शाहजहांपुर- 242001 (उ. प्र.) के सचिव कवि अजय गुप्त द्वारा उनकी पुत्री स्व. प्रभा की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है।

स्व. प्रभा का परिचय इस प्रकार है 

स्व. (श्रीमती) प्रभा गुप्ता

स्व. (श्रीमती) प्रभा गुप्ता का जन्म : 31 दिसम्बर 1976 को हुआ था। प्रभा बचपन से ही साहित्यिक संस्कारों में पली बढ़ीं।  श्रीमती प्रभा अत्यंत मृदुभाषी व सरल हृदया होने के कारण सभी की अत्यंत दुलारी थीं। वे एक कुशल गृहिणी होने के साथ- साथ अत्यंत विदुषी थीं तथा उनका साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से विशेष अनुराग था।वे गांधी पुस्तकालय में आयोजित होने वाले आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं। उन्होंने समय समय पर अनेक बाल प्रतियोगिताएं और बच्चों के मध्य बाल साहित्य गोष्ठियों का आयोजन किया। 

प्रभा के पिताश्री अजय गुप्त कवि हृदय और शाहजहांपुर जनपद में साहित्यिक गतिविधियों के सहज सूत्रधार के रूप में जाने जाते हैं। बच्चो के लिए उनके दो बाल कविता संग्रह कैसे होते हैं दिन रात और जंगल में मोबाइल प्रकाशित हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से उन्हें जगपति चतुर्वेदी बाल विज्ञान लेखन  सम्मान मिल चुका है। प्रभा की माता जी श्रीमती आशा गुप्ता एक कुशल गृहिणी और लेखिका हैं। उनकी भी कहानियों की एक पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है।

दुर्भाग्यवश एक सड़क दुर्घटना में 12 जनवरी 2009 को प्रभा का असमय निधन हो गया। साहित्यानुरागी विदुषी प्रभा की पुण्य स्मृति को चिरस्थायी रखने के लिए 18 मई 2010 से "प्रभा स्मृति बाल साहित्य सम्मान " प्रारंभ किया गया। 

पहले ही सम्मान समारोह को विनोद चंद्र पांडेय विनोद एवं  चक्रधर नलिन जैसे प्रख्यात लेखकों की उपस्थिति का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। 

अब तक आयोजित समारोहों में डॉ. राष्ट्रबंधु, डॉ. शकुंतला कालरा, डॉ. भैरूलाल गर्ग, डॉ. विनय कुमार मालवीय, कृष्ण शलभ जैसे अनेक विद्वान पधार चुके हैं।

* सम्मान स्वरुप प्रशस्ति पत्र , प्रतीक चिन्ह, अंग वस्त्र, नारियल और 3,100/- की राशि प्रदान की जाती है।

* सम्मान समारोह के अवसर पर एक बाल पत्रिका 'बाल प्रभा' का प्रकाशन भी किया जाता है जिसके संस्थापक संपादक सुप्रसिद्ध बाल साहित्य लेखक डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें